युवती के अपहरण का आरोप लगाकर उसकी मां ने पति और उसके एक साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत फ्रेंडस कालोनी रोड पर तब हुई जब युवती साइकिल से शुक्रवार की सुबह कोचिंग पढ़ने जा रही थी।
शहर की कचहरी कालोनी में रहने वाले महेश मिश्रा की विवाहिता पुत्री अमृता शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे कोचिंग पढ़ने के लिए साइकिल से निकली थी। अमृता की मां नीरज मिश्रा की तहरीर के मुताबिक, करीब सवा नौ बजे उनकी बेटी कैलाशधाम वाटिका के पास पहुंची तभी बाइक पर सवार दो लोगों ने उसका जबरन अपहरण कर लिया।
पुलिस कंट्रोल रूम पर युवती के अपहरण की सूचना मिलने के बाद मौके पर फोर्स पहुंची। पुलिस ने वहां से युवती की साइकिल बरामद की है।
अमृता की मां ने बेटी के अपहरण का आरोप दामाद सुशील मोहन पांडेय पुत्र रामकिशन निवासी हकीमपुर थाना करहल मैनपुरी व उसके एक अन्य साथी पर लगाया है। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली और मामले की छानबीन कर रही है।
थानाध्यक्ष सिविल लाइन विनोद यादव ने बताया कि इससे पूर्व भी सुशील के खिलाफ अमृता की मां की ओर से बच्चे का अपहरण तथा दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस अमृता का सुराग लगाने का कोशिश कर रही है।