अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
इकदिल थाने में कोर्ट के आदेश पर एचसीपी सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के बिरारी गांव निवासी अधिवक्ता सदन सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसने अपने खेत में बाजारा की फसल बोई थी। उसके विरोधी लोग उस फसल को जबरन काटने का प्रयास कर रहे थे। सात जुलाई 2017 को विरोधियों ने उसके खेत पर जाकर फसल को जबरन काटना शुरू कर दिया। उस समय मौके पर इकदिल थाने में तैनात रहे एचसीपी पुत्तन सिंह भी मौजूद थे। उन्हें जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचे और फसल काटने का विरोध किया तो इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर तमंचा से फायर कर दिया। जिसमें वह बाल बाल बच गया। शिकायत करने पर एचसीपी ने उन्हें वहां से भाग जाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में विरोधी उसकी फसल को काट ले गए। उसने इसकी शिकायत एसएसपी से की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर उसने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एचसीपी पुत्तन सिंह के अलावा गांव के ही सुरेश सिंह , सुधीद्र सिंह , आदित्य देव, रतन सिंह , अवध प्रताप सिंह के अलावा सात अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
- एचसीपी सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट
- कोर्ट के आदेश पर इकदिल थाने में दर्ज किया गया मामला