इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर आईटीआई के पास ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई जबकि पति व बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग जाने में सफल रहा।
सिविल लाइन क्षेत्र के गांव नगला हरजू निवासी अनिल कुमार अपनी 27 वर्षीय पत्नी साधना व दो छोटे बच्चों के साथ बाइक से ससुराल दहियालालपुरा थाना अजीतमल में साले के लगुन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक आईटीआई के थोड़ा आगे निकली तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी । टक्कर लगने से साधना सहित सभी लोग सड़क पर जा गिरे। सिर में चोट लगने से साधना की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लकर भाग निकला। सूचना मिलने पर थानापुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।