लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम बसैयाहार से लापता युवक सोनू का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भेज दिया है। अब सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है।
लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम बसैयाहार निवासी संदीप उर्फ सोनू पुत्र प्रदीप कुमार से शुक्रवार रात कुछ लोगों ने गांव के समीप ही विधीपुरा संपर्क मार्ग के नजदीक मारपीट की थी। युवक ने यूपी 100 नंबर को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर पीड़ित की बाइक, मोबाइल की बैट्री और जमीन पर खून बिखरा मिला था। घटना के दूसरे दिन सोनू के भाई के भाई कुलदीप ने नौ लोगों के विरुद्ध अपहरण और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। जिसमें मनोज तिवारी पुत्र अज्ञात, श्री चंद्र व बैकुंठ पुत्रगण नाथू राम निवासीगण बसैयाहार, सुनील पुत्र हरी शंकर निवासी अस्तपुरा, शुभम पुत्र प्रदीप, अजीत मिश्रा पुत्र प्रकाश निवासीगण लखना को नामजद व तीन अज्ञात आरोपी थे। इनमें से अजीत मिश्रा, शुभम, सुनील व श्री चंद्र को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की घटना तो स्वीकार की लेकिन अपहरण व हत्या से इनकार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुशील योगी ने बताया कि लापता युवक मारपीट की घटना के बाद गायब हुआ है या आरोपियों ने अगवा करके हत्या की है। इसका पर्दाफाश करने के लिए पुलिस सर्विलांस का सहारा ले रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।