अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से चोर पांच बाइकें चुरा ले गए। पुलिस चोरी की वारदातों पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
पहली घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के इटावा क्लब में हुई। शहर के मोहल्ला सरस्वती नगर निवासी अनिल कुमार बाइक से दावत में इटावा क्लब गए थे। उसने अपनी बाइक बाहर खड़ी कर दावत खाने चले गए तभी मौका पाकर चोरों ने उसकी बाइक पार कर दी। जब वह वापस आए तो बाइक को गायब पाकर दंग रह गए । दूसरी घटना जिला अस्पताल परिसर में हुई। शहर के मोहल्ला स्वरूप नगर निवासी रोहित भदौरिया बाइक से दवा लेने के लिए जिला अस्पताल गए थे। उन्होंने बाइक वहां खड़ी कर दी। दवा लेकर आए तो बाइक गायब थी। तीसरी घटना जिला कोषागार परिसर के पास हुई। ऊसराहार थाना क्षेत्र के पुरैला गांव निवासी सुभाष चंद्र बाइक से कचहरी स्थित जिला कोषागार आए थे। उन्होंने बाइक कोषागार परिसर में खड़ी कर दी और अंदर चले गए तभी मौका पाकर चोर उसकी बाइक चुरा ले गए। चौथी घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंबेडकर पार्क नुमाइश मैदान में हुई। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी इमरान खान बाइक से नुमाइश गए थे। उसने बाइक अंबेडकर पार्क में खड़ी कर दी और किसी से मिलने के लिए चले गए। तभी मौका पाकर चोर उनकी बाइक चुरा ले गए। पांचवी घटना फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पक्का बाग के पास हुई। बकेवर थाना क्षेत्र के नगला बनी गांव निवासी सुंदर सिंह बाइक से पक्का बाग आए थे। उन्होंने अपनी बाइक अर्जुन नगर में खड़ी कर दी और किसी से मिलने के लिए चले गए तभी मौका पाकर चोर उनकी बाइक चुरा ले गए। पुलिस ने सभी घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
- शहर से पांच बाइकें चोरी, रिपोर्ट दर्ज
- अलग-अलग स्थानों पर हुई वारदात