अवैध शराब के साथ पकडे़ गए दो आरोपीे
इकदिल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर इकदिल नहर पुल के पास से एक कार से ले जाई जा रही 66 पेटी अवैध शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
क्राइम ब्रांच प्रभारी अजहर खां टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध शराब सप्लाई करने के लिए ले जा रहे हैं। उन्होंने एसओ इकदिल आलोक राय को इससे अवगत कराया। क्राइम ब्रांच और इकदिल थाना पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की।
इस दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी भगा दी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। कार सवार दो लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें 66 पेटी शराब बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपने नाम अवधेश कुमार पुत्र रक्षपाल व मनोज कुमार पुत्र रामौतार निवासी लुधपुरा जिला मैनपुरी बताए हैं। उन्हाेंने स्वीकार किया कि वे अवैध शराब गांव-गांव सप्लाई करते हैं। एसओ इकदिल आलोक राय ने बताया कि शराब चंडीगढ़ से लाई गई है। कार किसकी है, इस बारे में पता किया जा रहा है। कार और शराब की कीमत करीब पांच लाख है।