अमर उजाला ब्यूरो
भरथना।
भरथना कस्बे के मोहल्ला विशंभर कॉलोनी में लग्नोत्सव में शामिल होने आए युवकों ने पड़ोसी के घर में रखी लोहे की अलमारी तोड़कर कीमतीजेवर पार कर दिए। इस दौरान एक युवक को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके दो साथी भाग गए।
मोहल्ला विशंभर कॉलोनी निवासी शिवराज सिंह के पुत्र पीयूष कुमार ने बताया कि उनके घर के पास में मंशाराम के पुत्र पवन का लग्नोत्सव का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने आए उनके कुछ रिश्तेदार उसके घर में बैठे थे। तभी रिश्तेदार के वेश में तीन युवक उनके घर में घुस आए। उस समय वह मंशाराम के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर पर मां व पिता थे। वे काफी समय से बीमार हैं। अचानक वह अपने बीमार पिता को दवा खिलाने पहुंचा तो देखा कि एक अनजान युवक उसके ऊपर वाले कमरे के गेट के बाहर खड़ा है। जीने से ऊपर जाने पर जब उसे टोका तो उसने उसके ऊपर हमला कर दिया। उसके दो अन्य साथी कमरे से निकल कर भागने लगे। उसने कमरे के अंदर जाकर देखा तो लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की चार जंजीर, तीन जोड़ी कान के झुमके, 13 अंगूठियों के साथ चार चूड़ियां पार कर दी। इस दौरान उसने गेट के बाहर खड़े युवक को भागते समय पकड़ लिया। युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसके दो साथी जेवर सहित भागने में सफल रहे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
- मेहमान बनकर घुसे बदमाशों में जेवरात किए पार
- विशंभर कॉलोनी में हुई वारदात, एक पकड़ा गया, दो साथी भाग गए
फोटो नंबर 27 एवं 28- भरथना के मोहल्ला विशंभर कॉलोनी में टूटी पड़ी अलमारी।