इटावा। हवाई पट्टी की नहर में बुधवार सुबह शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलकर शिनाख्त की। शव पूर्व प्रधान के बेटे मुरारी लाल (42) का निकला। पुल पर उसकी साइकिल और चप्पलें मिली हैं। मुरारी चार दिन पहले ससुराल जाने की बात कह कर घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मैनपुरी जिले के कुर्रा थाना के नगला सुखी गांव में रहने वाले प्रधान नार सिंह का बेटा मुरारी लाल 23 फरवरी को साइकिल से ससुराल जा रहा था। उसके बाद से उसका पता नहीं चला। मुरारी लाल की जानकारी नहीं मिलने पर घरवालों ने नाते-रिश्तेदारों ने खोजबीन की। उसका पता नहीं चलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार को उसका शव मिलने पर ससुरालीजनों ने शिनाख्त की। मुरारी लाल की चप्पल व साइकिल पुल पर मिली हैं। सैफई कोतवाल का अनुमान है कि तखराऊ पुल से गिरने से मुरारी की मौत हुई है। घरवालों ने रंजिश से इनकार किया है। फिर भी मामले की पड़ताल की जा रही है।