अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के गांव परासना में एक व्यक्ति की जमीन की पैमाइश करने लेखपाल के साथ दबंगों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। दबंगों ने उसे पैमाइश नहीं करने दी। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सैफई तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल लालता प्रसाद परासना निवासी राम नरेश की जमीन की पैमाइश करने के लिए गए थे। जब वह जमीन की पैमाइश करने लगे तभी पड़ोस के गांव उत्तमपुरा निवासी सोने लाल ने पैमाइश का विरोध करने लगा। लेखपाल ने कहा कि राम नरेश की शिकायत पर अधिकारियों ने उसे पैमाइश के लिए भेजा है। इस पर सोनेलाल ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर लेखपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में गांव के लोगों ने उन्हें बचाया। ब्यूरो