अमर उजाला ब्यूरो
जसवंतनगर। वैन सवार बदमाशों ने सोमवार को मेडिकल स्टोर पर खड़े एक डॉक्टर पर फायरिंग कर दी। हालांकि निशाना चूकने से डॉक्टर बच गया। दिन दहाड़े फायरिंग से डॉक्टर और परिजन दहशत में हैं। पीड़ित डॉक्टर ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
बलरई थाना क्षेत्र के भोगनीपुर नहर पुल के पास विकास नगर निवासी डॉक्टर मुकेश पाठक अपने निवास पर स्थित नर्सिंग होम और मेडिकल स्टोर में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे खड़े हुए थे। उसी समय क्रीम रंग की एक वैन कस्बा की ओर से आई और उसमें सवार बदमाशों ने मेडिकल स्टोर में खड़े डॉक्टर के ऊपर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि निशाना चूकने से डॉक्टर बाल-बाल बच गए। घटना से महज ढाई सौ मीटर दूरी पर स्थित थाना स्टेशन पर पुलिस की तैनाती के बावजूद बेखौफ बदमाश फायरिंग कर फरार हो गए। दहशतजदा पीड़ित चिकित्सक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
- वैन सवार बदमाशों ने डॉक्टर पर की फायरिंग
- निशाना चूकने से बाल-बाल बचा डॉक्टर
- पीड़ित डॉक्टर ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी
फोटो नंबर 30- डॉ. मुकेश पाठक। अमर उजाला