खड़कौली में खेतों में पडे़ बक्सों और अन्य सामान को देखते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र अंतर्गत दो गांवों में चोरों ने शनिवार रात एक मकान और दुकान में नकब लगाकर दस लाख से अधिक का माल पार दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना क्षेत्र के गांव खड़कौली में हुई। यहां चोरों ने जोर सिंह शाक्य पुत्र नत्थू सिंह के मकान को निशाना बनाया। जोर सिंह शनिवार रात घर के आंगन में सो रहे थे। चोरों ने उनके मकान में पीछे से नकब लगाई। चोर कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़ कर करीब आठ लाख के जेवर और नगदी ले गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई। परिजनों ने नकब लगी देखी तो उनके होश उड़ गए। गांव के लोगों ने खोजबीन की तो थोड़ी दूरी पर एक खेत में बक्से पड़े मिले।
जोर सिंह ने बताया कि उसके पुत्र प्रकाश और सतीश एक ही मकान में अलग-अलग रहते हैं। उसकी दो पुत्रियां भी मायके आई हैं। सभी का सामान एक ही कमरे में रखा था। बताया कि चोर उसके 65 हजार, प्रकाश के 60 हजार, छोटे पुत्र सतीश के 10 हजार और पुत्रियों के 20 हजार रुपये समेत करीब आठ लाख के जेवर चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की तहरीर दे दी गई है।
चोरी की दूसरी वारदात क्षेत्र के गांव यासी नगर में हुई। क्षेत्र के गांव ज्ञानपुरा निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र नाहर सिंह की यासी नगर में सिलाई की दुकान है। शनिवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात को चोरों ने उसकी दुकान में नकब लगा दी। चोर उसकी दुकान से कपड़े, तीन सिलाई मशीन और छह हजार नगदी ले गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह लोगों को हुई तो उन्हाेंने राजेंद्र का सूचना दी। राजेंद्र ने बताया कि चोर उसका करीब डेढ़ लाख का सामान चुरा ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया है।