जसवंतनगर। क्षेत्र के दो प्राथमिक स्कूलों के ताले तोड़कर चोर पंखे, सिलिंडर के अलावा मिडडे मील का सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी अध्यापकों को बुधवार सुबह स्कूल पहुंचने पर हुई।
ग्राम सिरहौल स्थित प्राथमिक विद्यालय इंचार्ज अखिलेश कुमार ने बताया कि वे मंगलवार को छुट्टी के बाद स्कूल में ताले बंद करके चले गए थे। बुधवार की सुबह स्कूल पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। कमरे में रखा एक गैस सिलिंडर, चार पंखे गायब थे। इसके अलावा ग्राम नगरिया पुल स्थित प्राथमिक विद्यालय में घुसकर चोरों ने ताले तोड़कर तीन सीलिंग पंखे, एक गैस सिलिंडर, गैस चूल्हा, मिडडे मील बनाने के बर्तन, चावल, गेहूं, मसाले आदि सामान चुरा ले गए। स्कूल की अलमारी का ताला काटकर उसमें रखे सामान की तलाशी ली। इससे स्कूल के अभिलेखों को भी क्षति पहुंची। प्रधानाध्यापक सुरजीत सिंह ने विभाग के अफसरों और पुलिस को घटना की सूचना दी है। (संवाद)