इकदिल। मानिकपुर मोहन (कराईपुर) में मंगलवार रात चोरों ने बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी के घर में धावा बोल दिया। चोर पांच लाख रुपये सहित 12 लाख के जेवर ले गए हैं। वारदात के दौरान परिजन कमरे में ही सो रहे थे। बुधवार सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई।
इकदिल थाना क्षेत्र के गांव मानिकपुर मोहन निवासी आदेश कुमार बिल्डिंग मैटेरियल बेचने का व्यापार करते हैं। मंगलवार रात नौ बजे वे खाना खा कर मेन गेट में ताला लगाकर पत्नी के साथ कमरे में सोने चले गए। माता-पिता भी अपने कमरे में जा कर सो गए।
रात में चोरों ने उनके मेन गेट का ताला काटा और अंदर घुस गए। कमरों में ताला डाल दिया। आंगन के पास के कमरे में रखी लोहे की अलमारी और बक्सों को उठा ले गए। सुबह साढ़े पांच बजे व्यापारी के पिता राजेंद्र चौधरी उठे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला।
इस पर उन्होंने बेटे को आवाज दी। उनके भी कमरे का दरवाजा बंद था। बाद में पड़ोसियों को बुलवाकर कमरों के दरवाजे खोले गए।
बाहर आए पिता-पुत्र ने खोजबीन की तो घर से बाहर करीब 100 मीटर दूरी तालाब के पास लोहे की अलमारी पड़ी थी। इकदिल थाना प्रभारी रण बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है। मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है।
बाइक भी चोरी कर ले गए थे चोर
व्यापारी आदेश ने बताया कि अलमारी में रखे पांच लाख रुपये, सोने की दस अंगुठियां, एक हार, मंगलसूत्र, दो बृजबाला, चेन और 600 ग्राम चांदी के सिक्के चोरी हुए हैं। चोर आंगन में खड़ी बाइक भी ले गए है।