इटावा। नौकरी के नाम पर झांसा देकर ठगी करने के मामले में सिविल लाइन थाने में एक आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने 12 लोगों के साथ नौकरी के नाम पर ठगी की है।
सिविल लाइन थाना के हरदासपुरा गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने लॉयन सफारी में नौकरी लगवाने के नाम 60 हजार रुपये लिए थे। कई दिनों तक चक्कर लगाने के बाद आरोपी ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और आई कार्ड पकड़ा दिया था। जब लॉयन सफारी पहुंचे तो गार्ड ने फर्जी आई कार्ड बता कर भगा दिया। वहीं अरविंद से 70 हजार रुपये और सिविल लाइन निवासी सहदेव से भी 55 हजार रुपये लिए। मानिकपुर मोड़ निवासी शिवम राजपूत, सत्यम राजपूत से एक लाख 10 हजार रुपये ठग लिए थे। छवनी निवासी पवन कुमार, पंजाब निवासी सुनाम से 50 हजार रुपये नौकरी के नाम पर लिए थे। सिविल लाइन थाना प्रभारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मामले की जांच की गई थी। जांच के बाद हरदासपुरा निवासी सुरेंद्र पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।