इटावा। आठ माह की गर्भवती महिला के मौत के मामले में पिता की तहरीर पर पांच पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने सोमवार शाम फंदा लगा आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जनपद औरैया के फफूंद थाना निवासी श्याम बिहारी मिश्रा ने बेटी रश्मि की शादी डेढ़ वर्ष पहले फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के ऊसरा अड्डा मोहल्ला निवासी सूरज कुशवाहा से की थी। सूरज कुशवाहा गाजियाबाद में नौकरी करता है। रश्मि का कुछ दिनों पहले जेठानी से विवाद हो गया था, जिसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। इस बात से क्षुब्ध होकर रश्मि ने सोमवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि रश्मि के पिता की तहरीर पर पति सूरज सिंह कुशवाहा, ससुर तेज सिंह सहित सास, नंद और जेठानी पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत कारण पता चल सकेगा।