हादसे में क्षतिग्रस्त ऑटो के पास खड़े लोग। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं।
पहली घटना जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-कानपुर हाईवे पर सरायभूपत के पास हुई। फिरोजाबद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव ठार बिरसे निवासी सर्वेश (50), गांव के विक्रम (35) व धीरेश (40) निवासी सेमलपुर के साथ बाइक से इटावा आ रहे थे। सरायभूपत के पास हाईवे पर तेजी से आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बोलेरो खड्ड में जाकर पलट गई। चालक शिवम (28) निवासी नग्ला बुधू वैदपुरा जख्मी हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान सर्वेश की मौत हो गई।
दूसरी घटना जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव कुरसैना के पास गुरुवार देर शाम हुई। कार की चपेट में आकर बाइक सवार महावीर (60) निवासी नग्ला महाजीत घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सांसें थम गईं।
तीसरी घटना बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चितभवन से मसनाई मार्ग पर ग्राम रिटोली के पास हुई। गांव किल्ली के रवि ऑटो से गांव की पांच महिलाओं को भरथना क्षेत्र में हो रहे शादी समारोह में छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में कुत्ता आ जाने पर रवि ने संतुलन खो दिया और ऑटो पलट गया। हादसे में चालक रवि, ग्राम किल्ली सुल्तानपुर निवासी फूलन देवी देवी (40), बेबी (40), कमलेश (40) और सरैया ताड़ की ज्ञान श्री (50), चंद्रपुर राजा का बाग की जूली (18) घायल हो गईं। सभी को सीएचसी ले जाया गया। बेबी और फूलन देवी, ज्ञान श्री की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। बरेली हाईवे पर पेट्रोल पंप के बाइक के फिसलने से बाइक सवार नुमाइश चौराहा निवासी अंशु घायल हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल बेबी। संवाद- फोटो : ETAWAH