इटावा। बाइक से पति के साथ जा रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन और मंगलसूत्र तोड़ लिया। पीड़ित दो दिन से मुकदमा दर्ज कराने के लिए सिविल लाइन थाने के चक्कर लगा रहा है। पुलिस पीड़ित को टरका रही है।
जसवंतनगर के वर्माजीत गांव निवासी सुखराम सिंह ने बताया कि बुधवार को वह पत्नी मधु देवी और बेटी कंचन के साथ साले रामवीर के घर विचारपुरा गए थे। शुक्रवार शाम वह बाइक से पत्नी और बेटी के साथ घर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आए एक बाइक पर सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर बाइक पर बैठी पत्नी के गले से मंगलसूत्र और दो तोले की सोने की चेन तोड़ ली। झटका लगने से पत्नी सड़क पर गिर गई। इससे उसके गंभीर चोट लगी है।
राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पहुंची पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर थाने आकर तहरीर देने को कहा। शुक्रवार रात पीड़ित ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पीड़ित सुखराम का आरोप है कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में आना कानी कर रही है और रोज आज कल करके मामला टरका रही है। थाना प्रभारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।