भरथना। लापता चल रहे किसान का शव शनिवार सुबह ज्ञानपुर गांव के पास खेत में मिला। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटना स्थल पर जांच कराई। परिजनों ने लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के निलोई गांव निवासी महावीर उर्फ गोरे लाल ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली की उसके छोटे भाई श्याम बाबू (45) का शव भरथना के ज्ञानपुर गांव के पास खेतों में मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नही मिले हैं। वह शराब का नशा करता था। सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतक की पेंट की जेब से 19 हजार रुपये और आधार कार्ड मिला है। महावीर ने भरथना कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि भाई श्याम बाबू की शादी के बाद ही उसकी पत्नी छोड़ कर चली गई थी और उसकी कोई औलाद नही है। सवा माह पहले भाई लापता हो गया था। तब से उसकी तलाश की जा रही थी। 30 अगस्त को भाई ने गांव की ही एक महिला को 13 लाख रुपये में अपने हिस्से की ढाई बीघा जमीन बेची थी। पैसे के लेनदेन में भाई की हत्या की गई है।