जसवंतनगर। कुरसेना में संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। बेटियों ने भाभी पर गला दबाकर मां की हत्या का आरोप लगाया है।
कुरसेना गांव निवासी कुरैसा बेगम (55) पत्नी सामीन अली की बुधवार दोपहर तबियत खराब हो गई। आनन-फानन में महिला को लेकर बेटा शाहरुख प्राइवेट अस्पताल पहुंचा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में बुधवार रात 11 बजे कुरैसा की मौत हो गई।
मां की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची बेटियां मोहनी और सोनी ने बताया कि बुधवार सुबह मां का भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। भाई बिना खाना खाए घर से चला गया था। इस दौरान भाभी ने मां का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। जसवंतनगर थाना प्रभारी अब्दुल सलाम सिद्दीकी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।