इटावा। मोबाइल प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। साइबर सेल ने ठगी करने वाले 137 एप चिह्नित कर लोगों को इनसे दूर रहने की सलाह दी है। यह एप आपका मोबाइल हैक कर आपके खातों से पैसा उड़ा सकते हैं।
साइबर अपराध से बचाव के लिए आर्थिक अपराध इकाई के स्तर से जागरुकता अभियान चला रहा है। साइबर ठगी से बचने के लिए सजगता ही सबसे सशक्त माध्यम है। सस्ता लोन देने के नाम पर ठगी के करने के कई मामले सामने आए है। इस बचाव के लिए साइबर सेल ने 137 एप चिह्नित करके उनके नाम जारी किए हैं। साइबर सैल में तैनात एक्सपर्ट ब्रजेश गोला ने बताया कि लोन देने के नाम पर कई एप आ गए हैं। यह लोगों से ठगी कर रहे हैं। साइबर ठग ऑनलाइन एप के जरिए पहले दो महीने के लिए इंट्रेस्ट फ्री लोन देने का वादा करते हैं। इससे लोग इनके झांसे में आकर एप डाउनलोड़ कर लेते हैं। फिर साइबर ठग मोबाइल हैक कर उनके खाते से पैसे निकाल लेते है। इसके साथ ही ठग मोबाल से रिश्तेदारों को दोस्तों के भी नंबर ले लेते हैं।
बिजली बिल को लेकर ठगी करने के भी कई मामले सामने आए है। बिजली बिल जमा न होने पर साइबर ठग फोन और मैसेज कर जल्द से जल्द बिल जमा करने के लिए कहते है और मैसेज में एक लिंक भी भेजते है, जिससे वह लोगों से तुरंत ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहते है और पेमेंट जमा न करने पर बिजली आपूर्ति कटाने की धमकी भी देते है। लोग बिजली कटने के डर से जैसे ही लिंक खोल कर एप डाउनलोड करते है, उनके खाते से पैसे निकाल लिए जाते है।
इन्हें कभी न करें डाउनलोड
रुपी लोन, माई केस लोन, लोन ड्रीम, पॉकेट मनी, रुपी प्लस, केस बुक, बेट विनर बैटिंग, फॉर पे, इंस्टा मनी, भारत केस, हैंड कैस मनी और सल्विर कैस जैसे प्रमुख ऐप सहित 137 एप की लिस्ट जारी की गई है।