चकरनगर/बकेवर। चंबल पुल बंद होने के दूसरे दिन सोमवार को बकेवर, लखना और चकरनगर मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। उधर, चंबल पुल पर दीवार खड़ी होने के बावजूद दिनभर बाइक सवार कर्मचारियों से नोकझोंक कर निकलते रहे।
मरम्मत का काम तेज करने के लिए रविवार से उदी स्थित चंबल पुल तीन अक्तूबर तक बंद कर दिया गया है। इसके चलते सोमवार को ग्वालियर से आने वाले और जाने वाले लोग बकेवर, लखना, चकरनगर और हनुमंतपुरा होते हुए निकले।
इससे दिनभर संकरी सड़कों पर वाहन दौड़ते रहे। आलम यह था स्कूल छूटने के समय बच्चों को और वाहन सवार लोगों को जाम से पड़ा। हालांकि चौराहों पर लगे सिपाहियों और होमागर्ड जवानों ने जाम नहीं लगने दिया। उधर, पुल बंद होने के बावजूद बाइक सवारों की मनमानी जारी रही। दिन भर कर्मचारियों से लड़ झगड़कर बाइक सवार निकलते रहे। वहीं पैदल जाने वाले यात्री भी निकले।