सैफई (इटावा)। आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन सौ लीटर स्प्रिट बरामद की है। तीनों जेल भेज दिया गया है।
सैफई थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि बांके बिहारी होटल नगला बरी पर एक टैंकर से स्प्रिट उतारी गई है। स्प्रिट को प्लास्टिक की केनों में भरकर पिकअप से मैनपुरी की ओर भेजा गया है। इस बात की तत्काल सूचना आबकारी विभाग को दी गई और संयुक्त रूप से मैनपुरी मार्ग हैंवरा तिराहे के पास चेकिंग लगाई गई। इस दौरान एक पिकअप मैनपुरी को ओर जाते हुई दिखाई दी। उसे रोकने के लिए इशारा किया गया तो चालक वाहन को भागने लगा। इस पर पिकअप को पकड़ लिया गया। तलाशी में पिकअप से स्प्रिट बरामद की गई। पूछताछ में तीनों की पहचान फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद के मानिकपुर निवासी अरमान और अमन और जसवंतनगर निवासी अजय कुमार यादव के रूप में हुई है। आरोपियों ने बताया कि वे शराब बनाने में इस स्प्रिट का इस्तेमाल करते हैं। स्प्रिट फर्रुखाबाद और कानपुर तस्करी कर भेजी जा रही थी।