बकेवर। पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक महिला को पीट दिया। बीच-बचाव करने आए पति को भी लाठी-डंडे से घायल कर दिया। महिला की तहरीर पर तीन महिलाओं सहित छह पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव निवासी सोनी देवी ने बताया कि गुरुवार सुबह वह घर में झाड़ू लगा रही थी। इस दौरान पड़ोसी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने घर में घुस कर पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर पति उमेश कुमार कमरे से बाहर निकले और बीच-बचाव करने लगे। इस पर इन लोगों ने उन पर भी लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
मारपीट में दंपती को चोटें आई हैं। अन्य पड़ोसियों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
बकेवर थाना प्रभारी विद्या सागर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर अहेरीपुर गांव निवासी जय देश, सुनीता, रीतू और गुनगुन सहित दो अज्ञात लोगों पर मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर गिरफ्तारी की जाएगी।