सैफई। टिमरूआ कट के पास गोवंश को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति और दो साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और घायलों को अस्पताल भेजा।
मैनपुरी के कुरावली थानाक्षेत्र के नगला लक्ष्मण गांव निवासी विनोद कुमार मंगलवार दोपहर को पत्नी बीना (35) को दवा दिलाने के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज आए थे। साथ में दो वर्ष का बेटा भी था। मंगलवार देर शाम दवा लेकर जाते समय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टिमरूआ कट के पास अचानक बाइक के सामने गोवंश आ गया। बचने के चक्कर में विनोद ने अचानक ब्रेक मारी और बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरने से दंपती और बच्चा घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा। सिर पर चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचते ही बीना की मौत हो गई। वहीं, विनोद और बेटे की हालत डॉक्टर ने खतरे से बाहर बताई है। विनोद हेलमेट लगाए था।