इटावा। गड्ढे में टायर पड़ने से अनियंत्रित हुई बाइक के ट्रक से टकराने से एक छात्र की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। बाइक पर सवार चारों छात्र हेलमेट नहीं लगाए थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना आगरा-कानपुर हाईवे पर डीपीएस स्कूल के पास सोमवार दोपहर की है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला यशोदा नगर निवासी अंशुल उर्फ अभिषेक (17) पुत्र अनिल कुमार सोमवार सुबह मोहल्ले के ही अंकुर, अमन पुत्रगण जगदीश और विकास पुत्र लाल सिंह के साथ घूमने निकला था। डीपीएस स्कूल के सामने गड्ढे में जाने से बाइक असंतुलित हो गई और ट्रक से जा टकराई।
हादसे में चारों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टर ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया। अंशुल पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह शहर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं में पढ़ता था। छात्र की मौत से मां विजय कुमारी, बहन सुनैना, प्रियंका, करिश्मा और भाई नीटू का रो-रोकर बुरा हाल है।