इटावा। एक दशक से बारिश के दिनों में परेशानी झेल रहे चकरनगर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त ढकरा पुलिया के निर्माण को शासन ने हरी झंडी दे दी है। निर्माण के लिए शासन ने सात करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। निर्माण होने के बाद करीब 50 गांवों की दो लाख आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
मध्यप्रदेश सीमा पर चंबल नदी के पुल से लगभग दो मीटर दूर स्थित लखना-सिंडौस मार्ग पर बनी ढकरा पुलिया करीब दस साल से क्षतिग्रस्त है। यह करीब तीन दशक पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से बनवाई गई थी। कई सालों से इस पुलिया की मरम्मत कराकर लोक निर्माण विभाग काम चला रहा था। बारिश के दिनों में पुलिया धंसने से हादसों का डर बना रहता है। ऐेसे में भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया जाता है। छोटे वाहन भी धीमी गति से डर-डरकर निकलते हैं।
बड़े वाहनों का आवागमन बंद होने से किसानों को ट्रैक्टर से खाद पहुंचाने, एंबुलेंस आने तक में मुसीबत हो जाती है। किसान किसी सामान को डीसीएम या ट्रक से भी नहीं ले जा पाते हैं। उन्हें छोटे-छोटे वाहनों से अधिक रुपये खर्च करके अपना सामान पहुंचाना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन से चार बार पुलिया बनवाने के लिए प्रस्ताव भेजा रहा था। हर बार प्रस्ताव को माना नहीं जा रहा था। ऐसे में सांसद और विधायक ने पैरवी बढ़ाई तो सरकार ने संज्ञान लिया। इसके चलते पुलिया निर्माण के लिए पांच दिन पहले शासन ने स्वीकृति दे दी है। करीब सात करोड़ 28 लाख रुपये पुलिया के लिए स्वीकृत किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बारिश के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। अगली साल से बारिश में लोगाें को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-
इन गांवों को मिलेगा लाभ::::
ढकरा पुलिया के पार सिंडौस, विंडवा, पिपरौली गढि़या, गोपियापुर, अनेठा, बिठौली, बंसरी, राउनी, अजीत की गढि़या, सोने का पुरा, हनुमंतपुरा, सिरसा, प्रेम का पुरा, नदा, पहलन, बिढौरी, कुर्छार का पुरा समेत करीब 50 गांव शामिल हैं। पुलिया पार करने के बाद कई इंटर कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र, परिषदीय विद्यालय भी हैं। जिनमें पुलिया के इस तरफ के बच्चे पढ़ते हैं। ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र में दिखाने के लिए भी जाते हैं।
50 मीटर लंबी है पुलिया::::
भरथना-बकेवर-लखना-सिंडौ मार्ग के किमी 28 पर बनी ढकरा पुलिया की लंबाई लगभग 50 मीटर है। साथ ही साढ़े पांच मीटर इसकी चौड़ाई है। लघु सेतु, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य के लिए यह पूरा बजट दिया गया है।
-
वर्जन-
सपा विधायक राघवेंद्र गौतम ने बताया कि पुलिया बनवाने के लिए लगातार शासन के अधिकारियों से वार्ता की जा रही थी। इस पुलिया के निर्माण होने के बाद अगली साल की बारिश में क्षेत्रवासियों को पेरशान नहीं होना पड़ेगा। निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।
वर्जन
एई गगन पाल ने बताया कि ढकरा पुलिया के निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद बारिश खत्म होते ही काम शुरू कराया जाएगा।