इटावा। बरौनी से दिल्ली जा रही हमसफर क्लोन स्पेशल के कोच और इंजन के बीच कपलिंग टूटने से इंजन कोच को छोड़कर 300 मीटर आगे निकल गया। गार्ड ने कंट्रोल को सूचना दी। टेक्निकल टीम की सलाह पर पीछे आ रहीं तीन ट्रेनों को ओएचई लाइन की बिजली बंद कर रोका गया। करीब सवा घंटे मरम्मत के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई।
दिल्ली जा रही हमसफर क्लोन स्पेशल ट्रेन बुधवार सुबह करीब 3:14 बजे सराय भूपत स्टेशन से निकली। गेट संख्या 33 के पास करीब 3:18 बजे इंजन और कोच की कपलिंग टूट गई। इससे कोचों (डिब्बों) को छोड़कर इंजन 300 मीटर आगे निकल गई। झटका लगने पर यात्रियों में खलबली मच गई। गार्ड ने जानकारी कर कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल रूम से ओएचई लाइन की सप्लाई बंद कराकर पीछे आ रही पूर्वा एक्सप्रेस, वैद्यनाथधाम देवघर हमसफर एक्सप्रेस व महाबोधि एक्सप्रेस को इकदिल और सरायभूपत के बीच लूप लाइन पर रोका गया। इंजन को पीछे लाकर कोच से जोड़ा गया। प्रेशर बनने के बाद ट्रेन करीब साढ़े चार बजे रवाना की गई। इसके बाद अन्य ट्रेनें निकालीं गईं।
इनसेट
टेक्निकल टीम ने दिखाई सूझबूझ
हमसफर क्लोन एक्सप्रेस के पीछे ही महाबोधि एक्सप्रेस चल रही थी। कपलिंग टूटने से क्लोन एक्सप्रेस खड़ी हो गई। इतना समय भी नहीं था कि महाबोधि एक्सप्रेस को रोका जा सके। टेक्निकल टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ओएचई की बिजली बंद करने की सलाह दी। अधिकारियों की हरी झंडी मिलते ही बिजली बंद कर दी गई और ट्रेनें जहां थी वहीं ठप हो गईं।
घटना की जांच कराई जा रही है
एनसीआर प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया डिस्क कपलिंग अलग होने की वजह से घटना हुई। घटना का पता चलने पर ट्रेन को अप लाइन से लूप लाइन पर लाकर सुधार किया गया। इसमें करीब सवा एक घंटे का समय लगा। मामले की जांच की जा रही है। पता किया जा रहा है किस स्तर पर लापरवाही हुई है।