कालका देवी मंदिर में पुजारी बदलने पर फिर विवाद क्रासर चार पुजारियों पर शांतिभंग की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। मां कालका देवी मंदिर पर एक बार फिर पुजारी बदलने को लेकर विवाद हो गया है। पुलिस ने चार सेवादार पुजारियों को पकड़ कर शांतिभंग में कार्रवाई की। हटाए गए पुजारी ने मंदिर संचालक के पुत्र पर छेड़छाड़ व एससीएसटी के तहत मामला भी पूर्व में दर्ज कराया है।
शुक्रवार को मंदिर के संचालक रविशंकर शुक्ला व उनके पुत्र ऋषभ शंकर शुक्ला ने मंदिर के मुख्य पुजारी के पद पर तैनात किए गए सर्वेश दोहरे को हटाकर उनके स्थान पर मुख्य पुजारी मनराज को नियुक्त कर दिया। इस पर सबसे पहले मुख्य पुजारी के पद से हटाए गए कपिल दोहरे ने विरोध किया। शनिवार को सुबह कपिल दोहरे व उनके साथ के लोगों ने मुख्य पुजारी बनाये गए ककरैया गांव के सावंत खा निवासी मनराजपूजा अर्चना कराने से रोक दिया। इस पर मनराज ने विरोध किया। शनिवार होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में पुलिस फोर्स तैनात था। पुजारियों में विवाद होने की जानकारी मिलने पर वहां मौजूद पुलिस ने विवाद करने के चलते नए पुजारी मनराजऔर उनके भाई राहुल व तीन माह पहले मुख्य पुजारी के पद से हटाए गए कपिल दोहरे व उनके भाई अनिल को पकड़ कर थाना ले गई। पुलिस ने चारों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर एसडीएम भरथना के यहां पेश किया।
संचालक के पुत्र पर पुजारी ने एससीएसटी में दर्ज कराया था मुकदमा::: करीब तीन माह पहले मंदिर संचालक ने मंदिर के मुख्य पुजारी कपिल दोहरे को हटा कर सर्वेश दोहरे को मुख्य पुजारी नियुक्त किया था। इसके अलावा कपिल दोहरे ने मंदिर के संचालक पुत्र ऋषभ शुक्ला के सहित करीब 24 लोगों के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने व छेड़छाड़ करने सहित एससीएसटी एक्ट के तहत मई माह में मामला दर्ज कराया था। जिसकी विवेचना सीओ भरथना विवेक जावला कर रहे हैं।