चकरनगर। बिजली निगम की विशेष ओटीएस योजना का लाभ उठाने के लिए बुधवार को उपभोक्ताओं की भारी भीड़ सबस्टेशनों पर उमड़ी। योजना की अवधि समाप्त होने से ठीक पहले, उपभोक्ता बकाया राशि पर छूट पाने के लिए सुबह से ही कतारों में लगे रहे। चकरनगर, भरेह, बिठौली और हनुमंतपुरा बिजली उपकेंद्रों पर लगे शिविरों में दोपहर तक 95 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया और 10 लाख रुपये का बकाया भुगतान किया। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत अधिभार माफी के साथ मूल बकाया राशि पर मार्च तक 25 प्रतिशत की छूट मिल रही है। एसडीओ अजय पाल सिंह गौतम ने शेष उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवसर समाप्त होने से पहले योजना का लाभ उठाएं, अन्यथा उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।