इटावा। कलक्ट्रेट में तैनात लिपिक की हादसे में मौत हो गई। लिपिक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। अधिकारियों और कर्मियों ने घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करनपुरा निवासी पुनीत ने बताया कि पुलिस ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनके बड़े भाई जितेंद्र बाथम के साथ राजागंज चौराहा के पास हादसा हो गया। घायल हालत में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनके शरीर पर कोई निशान नहीं थे। सिर्फ सिर में गहरी चोट दिखाई दे रही थी। उन्हें भाई की हत्या किए जाने की आशंका लग रही है। पुनीत ने बताया कि उनके पिता महेश कुमार बाथम कलक्ट्रेट के नजारत विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। सन 2011 में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई थी। उनकी जगह पर बड़े भाई को नौकरी मिल गई थी।
परिवार में अब सिर्फ मां कमला देवी, उनकी पत्नी आरती और दो बेटियां अर्जी और अनुसूइया ही बची हैं। हादसे की जानकारी पर एसडीएम ज्योत्सना बंधु,एसडीएम राजेश वर्मा,एसडीएम विजय शंकर तिवारी मृतक के परिजनों को ढांढस बांधने पहुंचे। कोतवाली का प्रभार देख रहे राजेश कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।