इटावा। त्योहारों पर 22 से 24 अक्तूबर तक शहर का रूट डायवर्ट रहेगा। प्रमुख बाजारों में चार पहिया वाहन और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। शहर में नौ जगहों पर पुलिस ने बैरियर लगाकर रूट डायवर्जन किया है।
पक्का तालाब से सीओ सिटी चौराहे तक चार पहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश शनिवार से मंगलवार तक बंद रहेगा। इसके लिए पुलिस ने पक्का तालाब चौराहा और पचराहा पर बैरियर लगा दिया है। नौरंगाबाद चौराहे पर बैरियर लगाकर तिकोनिया और नगर पालिका चौराहे जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा।
रामगंज चौराहे पर बैरियर लगाकर सर्राफा बाजार की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। तहसील चौराहे पर चार पहिया और तीन पहिया वाहनों को जाने से रोकने के लिए गाड़ीपुरा चौराहे पर बैरियर लगाया गया है। बलदेव चौराहे पर भी बैरियर रहेगा। वहीं कोतवाली चौराहे पर बैरियर लगाकर नगर पालिका की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। सभी बैैरियरों पर 17 पुलिस के जवान और होमगार्ड लगाए गए हैं।