साइकिल से खाद खरीदकर ले जाते किसान से जानकारी करते जिला कृषि अधिकारी कुलदीप राणा। संवाद
- फोटो : ETAWAH
चकरनगर। किसानों की शिकायत पर सोमवार को जिला कृषि अधिकारी ने खादों की दुकानों पर छापे मारे। तीन दुकानों पर यूरिया का कालाबाजारी पकड़ी गई। इस पर तीनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
किसानों ने दो दिन पहले एसडीएम मलखान से सिंह से यूरिया अधिक दामों पर बेचे जाने की शिकायत की थी। एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई के लिए कहा था। सोमवार को हनुमंतपुरा क्षेत्र की खाद की दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी कुलदीप राना ने छापे मारे। श्री राम ट्रेडर्स की दुकान से खाद खरीदकर जा रहे कोटरा निवासी किसान इंद्रपाल सिंह को रोककर कृषि अधिकारी ने जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 310 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से दो बोरी यूरिया दी गई है। इसके बाद वह पोरवाल खाद बीज भंडार पर पहुंचे। यहां खाद खरीदकर निकल रहे रामकिशोर पसिया ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें 315 रुपये की बोरी खरीदी है। शिव खाद बीज भंडार चकरनगर से खाद खरीदकर जा रहे नगला जोर निवासी किसान सतेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने 280 रुपये में यूरिया की बोरी खरीदी है। जिला कृषि अधिकारी ने तीनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 266 रुपये की यूरिया की बोरी तीन दुकानदार अधिक दाम पर बेचते मिले। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अधिक दाम में यूरिया न खरीदें। यदि कोई दुकानदार परेशान करता है तो तत्काल शिकायत करें।