अंडर पास में भरे पानी में फसी कार को निकालती जेसीबी। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। बारिश से शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल रही है। शुक्रवार को पौन घंटे की मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। नाले व नालियों के उफनाने से शहर के कई मोहल्लों की गलियों में जलभराव से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मैनपुरी अंडरपास में जलभराव में फंसी कार को जेसीबी से निकाला गया। बकेवर के लखना में घरों में पानी भर गया।
दोपहर में हुई बारिश की वजह से शहर के कई मोहल्लों में मुसीबत बढ़ा दी। सड़कें और गलियां पानी से लबालब नजर आईं। गलियों में जलभराव की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हुई, जो छुट्टी होने के बाद घुटनों तक भरे पानी से होकर घरों तक पहुंचे। कुछ मोहल्लों में टूटी पुलिया टूटी होने पर किसी अनहोनी की आशंका सताती रही।
मोहल्ला कटरा शमशेर खां में शुक्रवार की दोपहर छह स्कूलों की छुट्टी होने के बाद बच्चों को जलभराव से आना पड़ा। पानी उनके घुटनों को छू रहा था। नेविल रोड पर टूटी पुलिया से दिक्कत आई। बेरुन कटरा साहब खां में लोगों के अनुसार पांच साल से नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त है। ऐसे में बच्चों को ही नहीं बल्कि लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से करमगंज में भी जलभराव की समस्या से लोग जूझते रहे।
मैनपुरी अंडरपास में जलभराव होने से मैनपुरी जा रही कार फंस गई। चालक के काफी प्रयास के बावजूद कार स्टार्ट नहीं होने पर नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के जरिए जलभराव में फंसी कार को बाहर निकलवाया। नगर पालिका परिषद ने अंडरपास में हुए जलभराव को देखते हुए दोनों ओर बेरीकेडिंग कराई है। शहर में ड्रेनेज सिस्टम की समस्या को दूर करने के नगर पालिका में करीब दो करोड़ की लागत से नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इनमें कुछ नाला निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि कुछ का निर्माण कार्य निर्माणाधीन है।