इटावा जिले में नगला भारा गांव में रविवार सुबह दिव्यांग पशु व्यापारी का शव सड़क पर पड़ा मिला। परिजनों ने उसके सहोगी पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग कर भरथना-ऊसराहार मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सीओ विजय सिंह ने उन्हें समझाया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
भरथना के ऊमरसेंडा गांव निवासी बटेश्वर दयाल ने बताया कि बेटा अरविंद उर्फ प्रमोद सक्सेना (30) भैंसें खरीदता और बेचता था। पड़ोस के नगला भारा गांव निवासी युवक भी उसके साथ व्यापार करता था। शनिवार रात तीन बजे उसने फोन कर बेटे को मिलने के लिए बुलाया था। रविवार सुबह छह बजे भारा निवासी ग्रामीण ने सड़क पर बेटे के पड़े होने की सूचना दी।
छोटा बेटा देवेंद्र ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। तब तक अरविंद की मौत हो चुकी थी। पिता ने बताया कि बेटे और उसके सहयोगी के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि उसने बेटे को जहर खिलाकर मार दिया है। आरोपी को पकड़ने की मांग कर भरथना-ऊसराहार मार्ग पर जाम लगा दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मंसूर अहमद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्राथमिक स्तर पर हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है। विसरा सुरक्षित किया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दो शादियां कीं, चार बच्चे
अरविंद की दो पत्नियां शोभा और बेेबी हैं। उसके चार बच्चे हैं। पति की मौत की सूचना पर पत्नियां बेेहोश हो गईं। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के मोबाइल फोन को जांच के लिए भेजा गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
- विजय सिंह, सीओ भरथना