फर्जी दस्तावेज बनाकर बैनामा कराने में छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इटावा। थाना जसवंतनगर के कैस्त में कस्बा के ही व्यक्ति के मकान व दुकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर बैनामा कराने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर बैनामा कराने व दुकान का सामान गायाब करने का मुकदमा दर्ज हुआ है।
जसवंतनगर कोठी कैस्त निवासी बेबी ने कस्बा के ही राजेन्द्र सिंह, दिनेश चंद्र उसकी पत्नी मधू, ऋषिकान्त चतुर्वेदी, अभिषेक शुक्ला व अवधेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बेबी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सात फरवरी 2020 को सभी आरोपियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज बनाकर उनकी मकान और दुकान का एक बैनामा जसवंतनगर तहसील में उपनिबन्धक के कार्यालय में पंजीकृत कराया। एक सितंबर 2022 को शाम करीब छह बजे मधु गुप्ता, अवधेश कुमार व दिनेश चन्द्र ने मिलकर दुकान के जबरन ताले तोड़ दिये और दुकान में रखा सारा सामान गायब कर दिया। थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद पीड़ित महिला के कोर्ट से गुहार लगाने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। (संवाद)