ताखा (इटावा)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कुदरैल गांव के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे का इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में जारी है। कार सवार दतिया से हरदोई लौट रहे थे।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले स्थल पर शनिवार दोपहर आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करने मेंं कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे कार सवार अनूप गुप्ता निवासी सराय थोक पश्चिमी कोतवाली हरदोई व प्रिंस गुप्ता निवासी मोहलिया शिवपाल थाना कोतवाली देहात हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एक्सप्रेसवे चौकी पुलिस व यूपीडा ने घायलों को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया जहां इलाज के दौरान प्रिंस की मौत हो गई। थाना प्रभारी हेमंत कुमार सोलंकी ने बताया कि कार ओवरटेक करते समय डिवाइडर से टकराकर पलटने से हादसा हुआ।