इटावा। सैफई ब्लॉक में सपा समर्थित रविन्द्र व देवेंद्र का नामांकन कराने के लिए सपा राष्ट्रीय महासचिव विधायक शिवपाल सिंह यादव 12 बजे पहुंचे और दोनों प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे भाजपा समर्थित सदस्यों के निर्वाचन कराने के लिए पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य व भाजपा नेता अजय यादव सैफई पहुंचे। उन्होंने सुमेर सिंह व लाखन सिंह का नामांकन कराया। इन सभी प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार व सहायक निर्वाचन अधिकारी राम अवतार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर सपा के विधान सभा अध्यक्ष राम नरेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, भाजपा के जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी, विवेक शाक्य, मंडल अध्यक्ष अजय यादव विंद पहुंचे। उधर, भरथना में मंगलवार को ब्लॉक परिसर तीन प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी/जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत रमायन के गांव नगला गिरिन्द निवासी महेंद्र सिंह, टिकुरिया गांव के अमर सिंह व झिन्दुआ गांव के गोविन्द सिंह ने प्रतिनिधि पद के लिए नामांकन प्रस्तुत किया है। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।