इटावा। इटावा-ग्वालियर के बीच अभी तक तीन ट्रेनें चल रहीं हैं। दो दिन बाद इस रूट पर चौथी ट्रेन चलेगी। इससे इटावा से न्यूरो संबंधित बीमारी व कैंसर का इलाज कराने ग्वालियर जाने वाले मरीजों को सुविधा होगी। इसके अलावा व्यापारियों का भी सफर आसान होगा।
ग्वालियर के लिए ट्रेनें कम होने से मरीजों और व्यापारियों को निजी साधनों से जाना पड़ता था। अब चौथी ट्रेन शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई है। व्यापारियों का कहना है कि वह सुबह ट्रेन से ग्वालियर जाने के बाद खरीदारी कर शाम को लौट सकेंगे।
इटावा से ग्वालियर को जाने वाली पहली ट्रेन सुबह पांच बजे रवाना होती है, जो झांसी तक जाती है। जबकि दो घंटे बाद दूसरी ट्रेन इटावा- ग्वालियर मेमू चलने जा रही है। इसका समय सुबह 7:10 बजे है। कानपुर से टूंडला जाने वाली और सुबह 9:30 बजे इटावा आने वाली पैसेंजर भी 10:10 बजे सीधे ग्वालियर जा रही है। अब चौथी ट्रेन शाम पांच बजे इटावा-कोटा एक्सप्रेस है प्राइवेट बस से ग्वालियर जाने के लिए यात्रियों को 180 रुपये किराया देना पड़ता है। जबकि ट्रेन का किराया 55 रुपये है।
रामनगर निवासी गजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि अक्सर उनका मुंबई जाना होता है। पहले बस से ग्वालियर जाते थे। किराया भी अधिक देना पड़ता था। अब ट्रेन चलने से काफी सहूलियत मिल रही है।
भरथना चौराहा निवासी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह इलाज कराने के लिए महीने में दो बार ग्वालियर जाते हैं। अब आने-जाने में सुविधा होगी।
जंक्शन स्टेशन से करीब 16 हजार यात्री रोजाना सफर करते हैं। ग्वालियर के लिए नई ट्रेन यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगी। यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। - पीएम मीना, स्टेशन अधीक्षक।