ताखा (इटावा)। बाइक से नोएडा जा रहे दो युवकों की आगरा में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शनिवार शाम दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। दोनों युवक करवाचौथ का त्योहार मनाने घर आए थे।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी विनय कुमार (23) और नेम सिंह (25) दिल्ली में नोएडा में एक कंपनी में नौकरी करते थे। दोनों करवाचौथ का त्योहार मनाने के लिए गांव आए थे।
शुक्रवार रात दोनों बाइक से नोएडा जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगरा के इत्माथपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मृतकों के परिजन और ग्रामीण आगरा के लिए निकल गए। शनिवार शाम सात बजे युवकों के शव घर पहुंचे।
मृतक विनय के पिता आदेश कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।