इटावा जिले में भरथना रोड पर डबल डेकर बस और डीसीएम में भिड़ंत हो गई। हादसे में बस कंडक्टर की मौत हो गई। चार सवारियां और डीसीएम चालक घायल हो गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे डबल डेकर बस 35 सवारियों को लेकर दिल्ली से बिधूना जा रही थी।
इकदिल थानाक्षेत्र में भरथना रोड पर गैस प्लांट के पास बस तेज रफ्तार डीसीएम से भिड़ गई। हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार सिंह व इकदिल थानाध्यक्ष रण बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बस कंडक्टर अजय कुमार (38) निवासी नगला चिरैयापुर थाना एरवाकटरा औरैया को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया।
वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस में बैठे पंकज, उनकी पत्नी संध्या निवासी कुम्हावर सैफई, सकून निवासी बेटियांपुरा थाना भरथना और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गया। डीसीएम चालक बाबू सिंह (40) निवासी नगला तरैया थाना उचेन्न जनपद भारतपुर राजस्थान को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डीसीएम जालौन के कोंच से हरी मटर लेकर भरतपुर जा रही थी। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार सिंह ने बताया कि सवारियां दूसरे वाहनों से रवाना हो गईं। बस चालक को हिरासत में लिया गया है।