ताखा (इटावा)। गांव हिंदूपुर नगरिया में जमीन के विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने के बाद गोलियां चल गईं। इसमें दो लोग गोली लगने व तीन लोग मारपीट में घायल हो गए।
गांव हिंदूपुर नगरिया गांव के अमर सिंह और बीएसएफ में तैनात सत्यनारायण में जमीन पर कब्जे के लिए विवाद है। अमर के भतीजे शिवम का आरोप है कि गुरुवार सुबह 11:30 बजे सत्यनारायण भाई शौकीन व गोविंद के साथ जमीन की जोताई करने पहुंचे थे।
जानकारी होने पर अमर सिंह भी भतीजे मनोज और परिवारीजनों के साथ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट होने लगी। फायरिंग भी हुई।
अमर सिंह के पैर और मनोज के हाथ में गोली लग गई। मारपीट में सत्यनाराण, शौकीन और मुनीशा घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां से अमर और मनोज को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष के घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडे, सीओ भरथना विवेक जावला, तहसीलदार और नायाब तहसील ने गांव जाकर जानकारी ली। एसडीएम ने तहसीलदार और नायाब तहसीलदार को तत्काल जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए हैं।
थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि एक व्यक्ति के गोली लगी है। मौके पर एक तमंचा भी मिला है। मनोज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है।
एक घंटे तक मेडिकल कॉलेज में तड़पे घायल
सीएचसी सरसईनावर से अमर और मनोज को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उनकी एमएलसी (मेडिकल लीगल केस) नहीं भेजी गई। इससे घायल करीब एक घंटे तक तड़पते रहे। सीएचसी पहुंचने के बाद उपचार शुरू किया जा सका। सरसईनावर सीएचसी अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह ने बताया कि एमएलसी बनाने में समय लगता है। गंभीर स्थिति होने की वजह से मरीजों को ज्यादा देर रोका नहीं जा सकता था। ऐसे में रेफर के कागज देकर भेज दिया था। वहां मरीज को उपचार तत्काल मिलना चाहिए था।