इटावा। यूपी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। बुधवार देर शाम तक केंद्रों पर इसकी तैयारियां की गईं। अधिकारियों ने व्यवस्था का जायजा लिया। पहले दिन हाईस्कूल और इंटर के छात्र हिंदी की परीक्षा देंगे। चेकिंग के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
नकलविहीन परीक्षा कराने के उद्देश्य से 73 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी रहेगी। 46,688 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 24,775 और इंटर के 21,913 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। छह जोनल मजिस्ट्रेट और 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। आठ केंद्रों को विशेष निगरानी के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों में फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने केंद्रों पर परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में पूरी जानकारी हासिल की। निर्देश दिए कि नकलविहीन परीक्षा करानी है।