बकेवर। लुटेरों ने सड़क पर कंटीले तार बांधकर बाइक सवार को गिराकर घायल कर दिया। फिर गंभीर रूप से घायल बाइक सवार के 30 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बकेवर थानाक्षेत्र के इंद्राउखी गांव निवासी नीरज सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे नीरज बाइक से निवाड़ीकला जा रहा था, जहां लोडर से उसे मंडी जाना था। तभी नगला भदौरिया और निवाड़ीकला के बीच पुलिया के पास लुटेरों ने खेत में लगे तार को काटकर सड़क पर लगा दिया। रास्ते में बंधे कटीले तारों में उलझकर नीरज बाइक सहित गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पास में ही छिपे लुटेरों ने घायल नीरज की जैकेट उतार कर 30 हजार रुपये लूट लिए। उसकी बाइक को खेतों में डाल दिया।
मौके से निकल रहे निवाड़ीकला निवासी नीलू ने नीरज को घायल देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी पर सीओ विवेक जावला मौके पर पहुंचे और जांच की। लोडर चालक सलेमपुर गांव निवासी कप्तान सिंह ने बताया कि वह निवाड़ीकला से व्यापारियों को मंडी ले जाता है। साढ़े तीन बजे नीरज से बात हुई थी लेकिन निवाड़ीकला पहुंचकर जब संपर्क किया तो उसका फोन नहीं उठा। आधा घंटा इंतजार किया लेकिन नीरज नहीं पहुंचा। इसके बाद वह मंडी चला गया। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। कंटीले तार से मुंह कट जाने की वजह से वह बोल नहीं पा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों को तलाश कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सात माह पहले गोली मारकर सब्जी विक्रेता के साथ हुई थी लूट
सात माह पहले निवाड़ीकला में बाइक सवार सब्जी विक्रेता को गोली मारकर बदमाशों ने 25 हजार रुपये लूट लिए थे। 16 जून 2023 को निवाड़ीकला बाजार से सब्जी बेचकर घर जा रहे इकघरा कोठी गांव निवासी हरिश्चंद के साथ बाइक सवार बदमाशों ने घटना की थी। घायल हालत में सब्जी विक्रेता को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। हालांकि पुलिस घटना का खुलासा आज तक नहीं कर सकी।