फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बकेवर और लखना नगर पंचायत के विस्तार का प्रस्ताव तैयार

विज्ञापन
विज्ञापन
बकेवर। बकेवर और लखना नगर पंचायतों के सीमा विस्तार की कवायद शुरू हो गई है। इस संदर्भ में ईओ की ओर से एसडीएम को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द डीएम शासन को प्रस्ताव भेजेंगे। इससे करीब पांच हजार लोगों को नगरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

एक ओर जहां नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है वहीं बकेवर व लखना नगर पंचायत के विस्तार की महीनों से बंद पड़ी फाइल फिर खुल गई है। बकेवर नगर पंचायत में कस्बा बकेवर के पूर्वी ओर स्थित व्यासपुर कोठी का पूरा हिस्सा, पराग डेयरी के पास वाली आबादी, भरथना ओवरब्रिज के आसपास की नई आबादी, इटावा रोड पर कुड़रिया रजबहा की मुगल रोड की पुलिया तक की सारी आबादी को शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
यदि प्रस्ताव पर मुहर लगी तो इससे करीब दो हजार लोगों को नगरीय सुविधाएं मिलने लगेंगी। वहीं लखना नगर पंचायत में इंद्रा कालोनी से लखना बाईपास के पश्चिमी तरफ की आबादी वाला भाग, नया नहरपुल पार की ईकरी तिराहा की आबादी वाले भाग से लेकर पुराना नहर पुल से लखना वन रेंज कोठी तक के क्षेत्र को नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। अभी ये सारा क्षेत्र मड़ोली व नई बनी लखना देहात ग्राम पंचायत में आता है।
विज्ञापन

2007 में पालिका बनाने का भेजा गया था प्रस्ताव
वर्ष 2007 में तत्कालीन बसपा सरकार में दोनों नगर पंचायतों को मिलाकर एक नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उस पर सरकार की मुहर नहीं लग सकी थी। जनपद की बकेवर व लखना दोनों नगर पंचायतें ऐसी हैं जिनके बीच कहने को तो मात्र दो किमी की दूरी है, लेकिन दोनों कस्बे मिले हुए हैं। बकेवर नगर पंचायत की सीमा लखना में स्थित शक्ति टाकीज के आगे तक है।
ये है स्थिति
लखना आजादी के समय से नगर पंचायत है, जबकि बकेवर 1983 में नगर पंचायत बनी थी। 2011 की जनगणना के अनुसार, लखना नगर पंचायत में 7200 मतदाता हैं। क्षेत्र की काफी जनसंख्या को शहर से जुड़ी होने के बावजूद ग्राम पंचायत की सुविधाएं मिल रही हैं। नगर की लखना-चकरनगर मार्ग पर ही बसी बस्ती में एक तरफ पूरा नगर और दूसरी तरफ ग्राम पंचायत लग जाती है। कुल मिलाकर इस समय 20 हजार की आबादी नगर में है। 2011 की ही जनगणना के अनुसार बकेवर नगर पंचायत में करीब 12,000 मतदाता है। आबादी करीब 16 हजार है। सीमा विस्तार में शामिल इलाके व वर्तमान में बकेवर नगर की आबादी 25 हजार से अधिक हो जाएगी। बकेवर व लखना दोनों नगर पंचायतों में वर्तमान में 12 और 11 वार्ड हैं।
ये हैं मानक
आबादी कम से कम 30 हजार होनी चाहिए।
नगर पालिका में 25 वार्ड होंगे।
कस्बा बकेवर निवासी महेंद्र तिवारी ने कहा कि बकेवर व लखना नगर पंचायतों को मिलाकर नगर पालिका बना दिया जाए तो जनता को अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी। दोनों कस्बे मिले हुए हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को पहल करनी चाहिए।
बकेवर निवासी सभासद पुरुषोत्तम मिश्रा ने कहा कि विकास के लिए दोनों नगर पंचायतों को मिलाकर एक नगर पालिका बना देनी चाहिए। क्षेत्र व वार्डों की संख्या मानक के अनुरूप है।
कस्बा लखना के ईकरी मोड़ निवासी विवेक पोरवाल ने कहा कि दोनों ही कस्बे एक दूसरे से मिले हैं। इन्हें एक करने के प्रस्ताव पर सरकार को मुहर लगानी चाहिए।
नगर पंचायत बकेवर व लखना के ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों ही नगर पंचायतों के सीमा विस्तार के प्रस्ताव बन गए हैं। उन पर एसडीएम के हस्ताक्षर भी हो गए हैं। डीएम के अनुमोदन के साथ ही शासन को प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। शासन से स्वीकृत होने के बाद ही इस पर अमल किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें