इटावा। मजदूरी करके पैदल घर लौट रहे राजमिस्त्री को ऑटो ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने राजमिस्त्री को मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक मौके से ऑटो छोड़कर भाग निकला।
रविवार दोपहर राजकुमार (50) पुत्र रामस्वरूप निवासी चौगान गांव थाना सिविल लाइन मजदूरी करके लौट रहे थे। तभी नगला खरगौली स्थित संतोषी माता मंदिर के पास ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना स्थल के पास में मोबाइल की दुकान किए जितेंद्र ने राजमिस्त्री के परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर डाॅ. वरुण चौधरी ने मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल से हादसे की सूचना थाना पुलिस सिविल को दी गई। मृतक के बेटे विपिन ने बताया कि उसके पिता मजदूरी करके घर लौट रहे थे तभी ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी और चालक ऑटो छोड़कर मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।