इटावा/सैफई। मेडिकल कॉलेज में मरीज के साथ आए तीमारदारों पर इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में मौजूद महिला डॉक्टर व स्टाफ के साथ गाली-गलौज कर धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, एक तीमारदार ने डॉक्टर और स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाया है।
सैफई मेडिकल कॉलेज के डॉ. हर्ष ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि 12 फरवरी को हादसे में घायल मरीज अशोक कुमार निवासी थाना दन्नाहार घिटौली गांव जिला मैनपुरी का इलाज कर थे। उनके साथ आए तीन तीमारदारों से पूछा गया कि इससे पहले मरीज को कहां पर दिखाया। इसी बात को लेकर तीमारदारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। वहां पर मौजूद महिला डॉक्टर से अभद्रता व स्टाफ से भी गाली-गलौज की।
विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। मरीज के साथ आए हुए तीमारदारों ने वहां पर मौजूद स्टाफ के साथ अभद्रता की है। मरीज के भाई सोनू राजावत ने मेडिकल कॉलेज में लिखित में दिया है कि उनके साथ कई लोग आए थे। उन्हीं लोगों ने डॉक्टर व स्टाफ से झगड़ा किया है, जिनको वह नहीं जानता। बताया कि फिलहाल जांच के लिए उन्होंने भी एक कमेटी बनाई है। जल्द ही रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मैनपुरी जिले के थाना दन्नाहार ग्राम घिटौली निवासी राजन सिंह ने बुधवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर के डॉक्टर पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। सैफई थाना प्रभारी बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों तरफ से प्रार्थना पत्र मिले हैं। जांच की जा रही है।