बसरेहर। चौबिया क्षेत्र के नगला दलजीत गांव के पास कोचिंग से लौट रही छात्रा के साथ कार सवार लोगों ने अभद्रता करते हुए उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट कर उसे कार में खींचने का प्रयास किया। बचाने आए युवक के साथ भी कार सवारों ने मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
इंटर की छात्रा ने बताया कि वह बोर्ड परीक्षा देने के बाद कोचिंग पढ़कर घर जा रही थी। बीच रास्ते में नगला दलजीत गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के पास पहुंची, तभी पीछे से आए कार सवार चार-पांच लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी की और जबरदस्ती कार में खींचने का प्रयास किया। इसका उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी। वहां से निकल रहे ट्रक चालक बबलू निवासी नगला मनफूल थाना भरथना ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन कार सवार लोगों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।
छात्रा ने चिल्लाना शुरू किया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कार सवार मौके से भागने लगे। आरोपियों ने भागने के दौरान कार से चार वर्षीय बालिका को भी टक्कर मार दी। थाना प्रभारी मंसूर अहमद ने बताया की सूचना पर मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की है। दोनों पक्ष एक दूसरे को जानते हैं। मारपीट का मामला है। पीड़ित पक्ष ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।