ताखा (इटावा)। ऊसराहार कस्बे के एक अस्पताल में प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गत गुरुवार को कस्बे में संचालित सिटी अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला का ऑपरेशन किया गया था। बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी थी। उसने दोपहर बाद दम तोड़ दिया। परिजनों ने संचालक पर अप्रशिक्षित स्टाफ से ऑपरेशन कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। ऊसराहार थाना पुलिस ने संचालक अमित यादव निवासी कुबेरपुर थाना एलआईयू मैनपुरी को गैर इरादतन हत्या के मामले में पकड़कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।