इटावा। बाहरी जिलों से आकर जनपद में घटनाओं को अंजाम देने या देने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की खास नजर है। लगातार पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर रही है। चार माह में पांच राज्यों के 19 जनपदों के 113 अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। कई अन्य भी रडार पर हैं।
एसएसपी सुनील कुमार वर्मा के निर्देशन में जिला पुलिस हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टरों समेत बड़ी वारदातों में शामिल आरोपियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस क्रम में पुलिस जांच पड़ताल में पता चला कि वारदातों को अंजाम देने वाले कई अपराधी बाहर के होते हैं। वहीं कई अपराधी पड़ोसी जिला होने की वजह से अपराध करने के बाद जनपद को अपना ठिकाना बनाना शुरू कर देते हैं। इस पर एसएसपी ने अभियान चलाकर ऐसे अपराधियों को चिह्नित कराना शुरू किया।
जनवरी में शुरू किए गए इस अभियान के तहत 25 अप्रैल तक हत्या, लूट, जानलेवा हमले, गैंगस्टर समेत कई गंभीर मामलों के 113 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से सबसे अधिक पड़ोसी जिले औरैया से 23, मैनपुरी के 22, फिरोजाबाद के 13, कानपुर देहात के तीन, कानपुर नगर के सात, आगरा के पांच, हाथरस और कन्नौज के एक-एक, गौतमबुद्ध नगर के 11 अपराधी शामिल हैं। वहीं, हरियाणा के जींद के दो, कैथल का एक, नूंह के दो, मध्य प्रदेश के भिंड के छह, ग्वालियर के एक, राजस्थान के भीलवाड़ा का एक और धौलपुर और दिल्ली के तीन-तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी से कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जा रहा है।
एसएसपी संजय कुमार का कहना है कि जिले में आने के बाद समीक्षा करने पर पता चला था कि अधिकांश अपराधी बाहर के जिलों में अपराध कर फरार हो जाते हैं। वहीं, कई बाहरी अपराधी जिले में अपना डेरा डाल लेते हैं। इसे लेकर अभियान शुरू किया गया। चार माह में यूपी समेत पांच राज्यों के 19 जिलों के 113 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों से पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
30 जिलाबदर, उल्लंघन में दो पर कार्रवाई
पुलिस ने चार माह में 16 हत्या, लूट जैसे जघन्य अपराधों में शामिल 51 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। वहीं, दबंगई करके जिले में दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले 182 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट में कार्रवाई की गई है। चुनाव के मद्देजनर 30 आरोपियों को जिला बदर किया है। कार्रवाई के उल्लंघन पर दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।