इटावा। प्रदेश सरकार की अमृत योजना में शहर के तीन पार्कों का चयन किया गया है। चयनित पार्कों में एआरटीओ कार्यालय के नजदीक कांशीराम योजना पार्क, पीएसी के निकट इंद्रा आवास कालोनी पार्क और शांति कालोनी भाग तीन में लाल बहादुर शास्त्री पार्क शामिल हैं। इन पार्कों के सुंदरीकरण में केंद्र व प्रदेश सरकार की बराबर की भागेदारी होगी। नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि जल्द ही इन तीनों पार्कों में सुंदरीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। कुल मिलाकर करीब 89 लाख की लागत से होने वाले निर्माण कार्य के तहत पार्क की बाउंड्रीवाल बनवाई जाएगी, लाइटें और बेंचें और गेट लगवाया जाएगा। घास लगवाने के साथ बच्चों के लिए झूले भी लगवाए जाएंगे। इन पार्कों में बच्चों के साथ लोग आ सकेंगे। योग करने वाले लोग भी सुबह योगाभ्यास कर सकेंगे। हेमंत कुमार ने बताया कि यह पार्क पहले से ही बने हुए हैं और इनका अमृत योजना के तहत सुंदरीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री पार्क में 42 लाख रुपये, इंद्रा आवास कालोनी पार्क में 20 लाख रुपये और कांशीराम योजना पार्क में 17 लाख रुपये से सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर में कुल 21 पार्क हैं, इनमें से सिर्फ तीन पार्कों का सुंदरीकरण कराने की योजना बनी है।